मंदसौर, 08 जून।
मंदसौर जिले में चल रहे महा-जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा के लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता और राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने विभिन्न संगठनात्मक मंडलों और शक्ति केंद्रों में पहुंचकर जनसंपर्क किया और आमजन व कार्यकर्ताओं से संवाद स्थापित किया।
अभियान के दौरान दोनों सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सेवा एवं समर्पण कार्यकाल को समर्पित कार्यक्रमों में भाग लेते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा लाभार्थियों का सम्मान भी किया।
कार्यक्रम के तहत “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता ने सीतामऊ ग्रामीण मंडल, बसई मंडल, मेलखेड़ा मंडल और खड़ावदा मंडल के विभिन्न गांवों एवं शक्ति केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने दुधाखेड़ी माताजी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया।
इसी क्रम में राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने दलौदा और मगरामाताजी मंडलों में जनसंपर्क कर केंद्र सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को जनता तक पहुंचाया तथा वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया।
जिला भाजपा द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के लिए संगठनात्मक स्तर पर कई पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे अभियान को और गति दी जा सके।














