नई दिल्ली, 08 जून ।
अर्मेनिया में हुए संसदीय चुनावों में प्रधानमंत्री निकोल पाशिन्यान की पार्टी सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी ने बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की है, जिसके बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है।
अर्मेनिया में 7 जून को हुए चुनाव के बाद जारी शुरुआती नतीजों में सिविल कॉन्ट्रैक्ट पार्टी को लगभग 49.81 प्रतिशत वोट मिले, जिससे वह अन्य दलों से आगे निकल गई। इस जीत को लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी कर पाशिन्यान को बधाई दी और इसे जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि यह नया जनादेश अर्मेनिया के लोगों के नेतृत्व और दृष्टिकोण पर गहरे भरोसे को दर्शाता है तथा भारत और अर्मेनिया के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में सहयोग बढ़ाने की इच्छा भी व्यक्त की।
चुनाव में अन्य दलों में स्ट्रॉन्ग अर्मेनिया अलायंस को लगभग 23.29 प्रतिशत और पूर्व राष्ट्रपति रॉबर्ट कोचरियन के गठबंधन को करीब 9.94 प्रतिशत वोट मिले, जबकि मतदान प्रतिशत लगभग 59.97 रहा।
जीत के बाद प्रधानमंत्री पाशिन्यान ने इसे “ऐतिहासिक जीत” बताते हुए कहा कि जनता ने उनकी पार्टी पर भरोसा जताया है।
इस चुनाव को रूस-यूक्रेन युद्ध और क्षेत्रीय भू-राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि हाल के वर्षों में अर्मेनिया के पश्चिमी देशों और रूस के साथ संबंधों में बदलाव देखा गया है।














