शहडोल, 08 जून।
मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के ब्यौहारी क्षेत्र स्थित निपानिया में संचालित 108 एंबुलेंस सेवा पिछले कई दिनों से खराब पड़ी है, जिससे ग्रामीण मरीजों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एंबुलेंस के बंद होने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह आपातकालीन वाहन तकनीकी खराबी के चलते एक पेट्रोल पंप परिसर में खड़ा है और अब तक इसे मरम्मत कर सेवा में वापस नहीं लाया गया है। इससे दुर्घटना, प्रसव पीड़ा और गंभीर बीमारियों से ग्रस्त मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि 108 एंबुलेंस सेवा दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए जीवन रेखा की तरह है, लेकिन इसके बंद होने से मरीजों को ऑटो और निजी वाहनों के जरिए अस्पताल ले जाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों का अतिरिक्त बोझ बढ़ गया है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि जिले में संचालित एंबुलेंस वाहनों में तकनीकी खराबी की समस्या आम हो गई है और नियमित रखरखाव तथा समय पर मरम्मत नहीं होने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि निपानिया की खराब एंबुलेंस को तत्काल ठीक कर पुनः सेवा में लाया जाए और जिले की सभी एंबुलेंसों की तकनीकी जांच सुनिश्चित की जाए ताकि आपात स्थिति में मरीजों को समय पर सुविधा मिल सके।














