अपराध
08 Jun, 2026

चार साल की सबसे बड़ी गांजा जब्ती, धमतरी पुलिस ने पकड़ा 2.60 करोड़ का माल

धमतरी पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 490.818 किलोग्राम गांजा, दो वाहन और मोबाइल फोन जब्त कर चार आरोपितों सहित एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है।

धमतरी, 08 जून।

अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पिछले चार वर्षों की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ कर करीब 490.818 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपितों और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा गया है। जब्त मादक पदार्थ और अन्य सामग्री का कुल मूल्य लगभग 2 करोड़ 60 लाख 75 हजार 900 रुपये आंका गया है।

जानकारी के अनुसार थाना अर्जुनी पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महेन्द्रा पिकअप और मारुति स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर चारामा की ओर से धमतरी लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने श्यामतराई फारेस्ट नाका के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोककर जांच की।

तलाशी के दौरान पिकअप में रखी 13 प्लास्टिक बोरियों तथा स्विफ्ट कार में छिपाकर रखे गए कुल 96 पैकेटों से 490.818 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 45 लाख 40 हजार 900 रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद शादिक और हिमांशु साहू को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस जांच में प्रारंभिक तौर पर यह तथ्य सामने आया है कि आरोपित जगदलपुर क्षेत्र से गांजा लाकर रायपुर और अन्य शहरों में इसकी आपूर्ति करने की तैयारी में थे। मामले की पड़ताल के दौरान अंतर्राज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

जब्त सामग्री में 490.818 किलोग्राम गांजा, एक मारुति स्विफ्ट कार, एक महेन्द्रा पिकअप वाहन और छह मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

जिले में नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार पिछले छह सप्ताह के दौरान गांजा तस्करी से जुड़े कई मामलों में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ और करोड़ों रुपये की संपत्ति जब्त की जा चुकी है। सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी बढ़ाए जाने के कारण तस्करी के बदलते तरीकों का लगातार खुलासा हो रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति या गिरोह के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़