रायगढ़, 08 जून।
महिला अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान संवेदना के तहत रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विवाह का झांसा देकर युवती का शोषण करने के आरोपित को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
महिला थाना में दर्ज शिकायत के अनुसार पीड़िता की पहचान वर्ष 2021 में मोबाइल के माध्यम से आनंद कुमार सिंह नामक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने पर आरोपित ने विवाह का प्रस्ताव रखा और शादी करने का आश्वासन दिया।
शिकायत में कहा गया है कि दिसंबर 2024 में आरोपित रायगढ़ पहुंचा और विवाह का भरोसा दिलाकर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह कई बार रायगढ़ आता-जाता रहा, लेकिन शादी की बात होने पर लगातार टालता रहा।
पीड़िता को बाद में जानकारी मिली कि आरोपित किसी अन्य युवती से विवाह की तैयारी कर रहा है। इसके बाद उसने पूरे मामले की शिकायत महिला थाना में दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि मामले में बीएनएस की धारा 69 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने महाराष्ट्र के पुणे में दबिश देकर आरोपित को हिरासत में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए रायगढ़ लाया।
पुलिस के अनुसार महिला अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई की जा रही है। पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना विभाग की प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।














