नोएडा, 08 जून।
नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए पश्चिम बंगाल के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 45 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह उड़ीसा से मादक पदार्थ लाकर एनसीआर क्षेत्र में उसकी आपूर्ति करता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलने के बाद थाना फेस-2 की टीम ने कार्रवाई करते हुए सेक्टर-93 स्थित फुट ओवर ब्रिज के पास से विश्वजीत मंडल को गिरफ्तार किया। आरोपित मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले का रहने वाला बताया गया है।
जांच के दौरान पुलिस ने उसके पास मौजूद दो बैगों की तलाशी ली, जिनसे कुल 45 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बताया गया कि आरोपित इस खेप को आगे सप्लाई करने के उद्देश्य से लेकर जा रहा था। कार्रवाई के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह उड़ीसा से मादक पदार्थ लाकर एनसीआर के विभिन्न इलाकों में पहुंचाता था। इसके बाद ऊंचे दामों पर नशे का कारोबार करने वाले लोगों को इसकी आपूर्ति की जाती थी।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि नशा तस्करी के पूरे तंत्र का पता लगाया जा सके।














