नई दिल्ली, 08 जून ।
अभिनेता अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है, जिसमें उनकी फीस और रेवेन्यू मॉडल को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, अक्षय कुमार ने इस फिल्म के लिए पारंपरिक भारी-भरकम फीस लेने के बजाय एक अलग मॉडल अपनाया है, जिसके तहत उन्होंने अग्रिम भुगतान के रूप में केवल 1.8 करोड़ रुपये लिए हैं और इसके बदले फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी का समझौता किया है।
जानकारी के मुताबिक, अभिनेता को फिल्म से जुड़े बौद्धिक संपदा अधिकार (IPR) से होने वाली कमाई में लगभग 72 प्रतिशत हिस्सा मिल सकता है, जबकि बाकी 28 प्रतिशत हिस्सा निर्माताओं के पास रहेगा। माना जा रहा है कि फिल्म की सफलता की स्थिति में यह मॉडल उनके लिए पारंपरिक फीस से अधिक लाभदायक साबित हो सकता है।
फिल्म का निर्देशन अहमद खान कर रहे हैं और यह लोकप्रिय ‘वेलकम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी है, जिसे लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह बना हुआ है।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि फिल्म के निर्माताओं ने रिलीज से पहले ही ओटीटी, सैटेलाइट, ऑडियो और अन्य अधिकारों की बिक्री से लगभग 120 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है, जिससे फिल्म पर शुरुआती वित्तीय दबाव काफी हद तक कम हो गया है।
यह मल्टीस्टारर फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिसमें सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी और तुषार कपूर सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।














