हरिद्वार, 08 जून।
धर्मनगरी हरिद्वार के प्रसिद्ध तीर्थस्थल हरकी पैड़ी पर महिला श्रद्धालुओं के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। झांसी से गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए आई तीन महिला श्रद्धालुओं ने एक स्थानीय व्यक्ति पर अभद्र व्यवहार करने और विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार झांसी निवासी एक परिवार अधिक मास के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल होने के लिए हरिद्वार आया हुआ था। परिवार की महिलाएं पिछले कई दिनों से हरकी पैड़ी क्षेत्र में स्नान और पूजा-पाठ कर रही थीं। इसी दौरान उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किए जाने की घटना सामने आई।
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि गंगा स्नान के बाद वह अपनी बहनों के साथ एक शिव मंदिर में जलाभिषेक कर रही थी। आरोप है कि इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और महिलाओं के साथ अनुचित व्यवहार करते हुए आपत्तिजनक बातें करने लगा। शिकायत में कहा गया है कि वह व्यक्ति कई दिनों से मंदिर परिसर में उन्हें परेशान कर रहा था।
महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने उसकी हरकतों का विरोध किया तो उसने उनके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की की। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें विवाद की स्थिति दिखाई दे रही है।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित रवि चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला श्रद्धालुओं की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।














