भोपाल, 8 जून।
मध्य प्रदेश को निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने की दिशा में संजय गांधी ताप विद्युत गृह, बिरसिंगपुर ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। स्टेशन की यूनिट-3 ने 27 फरवरी से लगातार 100 दिनों तक बिना किसी रुकावट के बिजली उत्पादन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के अनुसार यह उपलब्धि उत्पादन क्षमता, तकनीकी दक्षता और बेहतर संचालन का प्रमाण मानी जा रही है। इससे पहले भी इसी इकाई सहित स्टेशन की अन्य उत्पादन इकाइयों ने 100 दिनों से अधिक समय तक लगातार बिजली उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया था।
कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने बताया कि इस अवधि के दौरान यूनिट ने 89.18 प्रतिशत का प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर बनाए रखा, जो इसकी उच्च उपलब्धता और विश्वसनीय संचालन को दर्शाता है। वहीं 80.07 प्रतिशत का प्लांट लोड फैक्टर दर्ज कर इकाई ने अपनी उत्पादन क्षमता का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया।
ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में भी इकाई का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। आंतरिक सहायक विद्युत खपत को 9.17 प्रतिशत तक सीमित रखते हुए बिजली की बचत सुनिश्चित की गई, जिससे संचालन की गुणवत्ता और बेहतर हुई।
मनजीत सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय इंजीनियरों, तकनीकी कर्मचारियों और श्रमिकों को देते हुए कहा कि उत्कृष्ट संधारण और कुशल संचालन के कारण कंपनी की उत्पादन इकाइयाँ लगातार बिजली उत्पादन के नए मानदंड स्थापित कर रही हैं।
कंपनी के तकनीकी निदेशक सुबोध निगम ने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, सक्रिय कार्यप्रणाली और समय पर लिए गए निर्णयों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी प्रदेश के विद्युत गृह इसी तरह भरोसेमंद और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते रहेंगे।














