नई दिल्ली, 08 जून ।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम को लेकर ताजा पूर्वानुमान जारी किया है, जिसमें एक ओर दिल्ली-एनसीआर में उमस भरी गर्मी और दूसरी ओर कई राज्यों में मानसून की तेज रफ्तार के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में आगामी दिनों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा। वहीं कुछ दिनों बाद आंशिक बादल छाने और तेज हवाओं के साथ मौसम में बदलाव की संभावना भी व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह अब महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। आने वाले दिनों में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
IMD ने यह भी बताया कि अगले 2-3 दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं, जिससे मध्य भारत, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है।
विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 11-12 जून के दौरान कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना भी है।
पिछले 24 घंटों में उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय सहित कई राज्यों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक भारी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी-तूफान और 60 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलीं।














