अपराध
08 Jun, 2026

संपत्ति अपराधों पर पुलिस का प्रहार, चार दिन में तीन करोड़ से ज्यादा बरामद

मध्य प्रदेश पुलिस ने विशेष अभियानों और तकनीकी जांच के जरिए चार दिनों में तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की चोरी और ठगी से जुड़ी संपत्ति बरामद कर कई मामलों का खुलासा किया है।

भोपाल, 08 जून।

प्रदेश में संपत्ति अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मध्य प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिछले चार दिनों में विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान चोरी और ठगी से जुड़ी तीन करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस ने कई मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है।

पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार ग्वालियर में कोतवाली थाना पुलिस ने हॉलमार्क कराने के नाम पर ग्राहकों का सोना लेकर फरार हुए एक ज्वेलर्स संचालक और उसके सहयोगी को मेरठ से गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य के 931 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए। डबरा सिटी थाना पुलिस ने भी 24 घंटे के भीतर एक फर्जी लूटकांड का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और 49 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के जेवरात, नगदी तथा मोटरसाइकिल जब्त की।

इसी क्रम में महाराजपुरा थाना पुलिस ने वर्ष 2023 की एक चोरी की वारदात का खुलासा कर लगभग आठ लाख रुपये मूल्य की लाइसेंसी रिवॉल्वर, आभूषण और अन्य सामान बरामद किया। मुरैना जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 55 लाख रुपये से अधिक मूल्य की चोरी गई संपत्ति, राइफल, कारतूस, नगदी, जेवरात और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किए गए। इन आरोपियों पर 32 हजार 500 रुपये का इनाम भी घोषित था।

जबलपुर के गोहलपुर थाना पुलिस ने नकबजनी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त की। वहीं देवास पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सूने मकानों को निशाना बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। कार्रवाई में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 12 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति, वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

राजधानी भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र में नकबजनी के एक मामले में पुलिस ने लगभग सात लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इनमें हार, चूड़ियां, अंगूठी, मंगलसूत्र और पाजेब शामिल हैं। उधर इंदौर के भंवरकुआ थाना पुलिस ने खंडवा नाका स्थित पान दुकान में हुई चोरी का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर एक आरोपी और एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया। करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण कर आरोपियों की पहचान की गई तथा लगभग चार लाख रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद की गई।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़