भोपाल, 8 जून।
मध्य प्रदेश के वन्यजीव मुख्यालय ने वन्य एवं वन्यजीव संरक्षण अभियान के तहत इंटरपोल के रेड नोटिस वाले तीन फरार अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करों की गिरफ्तारी या उनके संबंध में सूचना देने पर कुल दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।
स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स (एसटीएसएफ) की भोपाल इकाई द्वारा वर्ष 2015 में दर्ज बाघ के अवैध शिकार और उसके अंगों की अंतरराज्यीय व अंतरराष्ट्रीय तस्करी के मामले में जे.ई. तमांग और ढरके लामा पिछले लगभग दस वर्षों से फरार हैं। वहीं शिवपुरी इकाई द्वारा दर्ज कछुओं और घड़ियालों की तस्करी से जुड़े मामले में अल हज़ मोहम्मद शफ़ीकुल इस्लाम उर्फ रहमान तालुकदार की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इन तीनों आरोपितों के खिलाफ न्यायालय द्वारा स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किए जा चुके हैं, जबकि गंभीर अपराधों और अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों के मद्देनजर इंटरपोल ने इनके खिलाफ रेड नोटिस जारी किया है।
वन्यजीव मुख्यालय ने जे.ई. तमांग पर एक लाख रुपये तथा ढरके लामा और रहमान तालुकदार पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि इन आरोपितों के संबंध में कोई भी जानकारी दिए गए मोबाइल नंबरों पर साझा की जाए, जिसमें सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।














