गुवाहाटी, 08 जून ।
असम में हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद सोमवार को राज्य सरकार ने सभी मंत्रियों के बीच विभागों का औपचारिक आवंटन कर दिया है, जिसके तहत प्रशासनिक कार्यों और विकास योजनाओं को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अपने पास गृह एवं राजनीतिक, लोक निर्माण (भवन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग, सड़क), ऊर्जा तथा जनसंपर्क विभाग रखे हैं।
मंत्रिमंडल में जयंत मल्लबरुवा को वित्त, पर्यावरण एवं वन तथा खान एवं खनिज विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि केशव महंत को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन तथा सामान्य प्रशासन विभाग सौंपा गया है।
इसी क्रम में अशोक सिंघल को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग की जिम्मेदारी मिली है, जबकि पीयूष हजारिका को कृषि, सिंचाई एवं संसदीय कार्य विभाग का दायित्व दिया गया है।
डॉ. रणोज पेगु को विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, जनजातीय कार्य (मैदानी क्षेत्र) तथा सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सौंपे गए हैं। वहीं अश्विनी राय सरकार को सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण, भूमि संरक्षण तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग दिए गए हैं।
बिमल बोरा को सांस्कृतिक कार्य, उद्योग, वाणिज्य एवं सार्वजनिक उपक्रम तथा एक्ट ईस्ट नीति विभाग का प्रभार मिला है, जबकि विश्वजीत दैमारी को हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम उद्योग, कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता, जनजातीय संस्कृति तथा खेल विभागों की जिम्मेदारी दी गई है।
कौशिक राय को खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले तथा आवास एवं शहरी कार्य विभाग सौंपे गए हैं, जबकि कृष्णेंदु पाल को जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, पर्वतीय क्षेत्र एवं बराक घाटी विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा नीलिमा देवी को पशुपालन, पशु चिकित्सा एवं मत्स्य विभाग तथा सुशांत बरगोहाईं को जल संसाधन एवं न्यायिक विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त मंत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह टीम राज्य में विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।














