राजगढ़, 8 जून।
राजगढ़ जिले में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को विशेष जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत ‘मातृ स्वास्थ्य एवं परिवार नियोजन जागरूकता रथ’ को रवाना किया गया।
संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (यूएनएफपीए) और जिला स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से तैयार इस जागरूकता रथ को कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर लोगों को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगा।
अभियान के लिए तैयार किए गए रथ में एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम और जनसंपर्क सामग्री की व्यवस्था की गई है। इसके माध्यम से सुरक्षित मातृत्व, स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं और परिवार नियोजन से जुड़े संदेशों का प्रसारण किया जाएगा।
रथ के साथ एक विशेष नुक्कड़ नाटक दल भी रवाना हुआ है, जो नरसिंहगढ़ और ब्यावरा विकासखंड के गांवों में चौपाल आयोजित कर लोगों को जागरूक करेगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवाद के माध्यम से ग्रामीणों तक स्वास्थ्य संबंधी संदेश पहुंचाए जाएंगे।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी मातृ स्वास्थ्य और परिवार नियोजन को लेकर कई भ्रांतियां मौजूद हैं। यह अभियान जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करेगा। महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
अभियान के दौरान परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही नसबंदी से जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने और कंडोम, छाया तथा अंतरा जैसे निःशुल्क उपलब्ध विकल्पों के उपयोग के प्रति लोगों को प्रेरित किया जाएगा।














