लखनऊ, 08 जून।
बंथरा थाना क्षेत्र में नाबालिग भांजी के साथ दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को 24 घंटे के भीतर पकड़कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पीड़ित बच्ची कुछ दिन पहले अपने ननिहाल आई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके मामा ओमकार ने नशे की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के समय बच्ची ने शोर मचाया और मदद के लिए आवाज लगाई।
बताया गया कि बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आरोपित की पत्नी ने उसे बचाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपित ने अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित वहां से फरार हो चुका था।
घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता की मां ने बंथरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान विभिन्न स्थानों पर दबिश दी गई और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को परनारायणपुर तिराहा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके विरुद्ध गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।














