गाजियाबाद, 08 जून।
मोदीनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शराब ठेके के पीछे मिले शव की पहचान भोजपुर निवासी 21 वर्षीय अनस के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने उसके एक दोस्त पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
पुलिस के अनुसार निवाड़ी मार्ग स्थित मुन्नी वाटिका फार्म हाउस के सामने बने शराब ठेके के पीछे एक युवक के पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पहचान होने पर मृतक की शिनाख्त गांव भोजपुर निवासी अनस पुत्र मोमिन के रूप में की गई।
परिजनों का कहना है कि रविवार को अनस अपने एक दोस्त के साथ गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। सोमवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए दोस्त पर गंभीर आरोप लगाए। घटना को लेकर परिजनों ने नाराजगी भी व्यक्त की।
बताया गया है कि अनस फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।














