मध्य प्रदेश
08 Jun, 2026

11 करोड़ की मंदिर भूमि अतिक्रमण मुक्त, 107 बीघा जमीन ट्रस्ट को सौंपी

ग्वालियर में प्रशासन ने श्री रामजानकी ट्रस्ट रानी घाटी मंदिर की 107 बीघा मंदिर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसका कब्जा ट्रस्ट को सौंप दिया।

ग्वालियर, 8 जून।

ग्वालियर जिले में प्रशासन ने धार्मिक ट्रस्ट की भूमि पर वर्षों से चले आ रहे अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 107 बीघा जमीन को कब्जामुक्त कराया है। कार्रवाई के बाद भूमि का विधिवत कब्जा संबंधित मंदिर ट्रस्ट को सौंप दिया गया।

प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम के निर्देश पर विकासखंड घाटीगांव के झांकरी ग्राम में जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। एसडीएम राजीव समाधिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान श्री रामजानकी ट्रस्ट रानी घाटी मंदिर की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किए लोगों को हटाया गया।

प्रशासन के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई मंदिर भूमि की अनुमानित बाजार कीमत 11 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान राजस्व विभाग और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

भूमि का अधिकारिक कब्जा मंदिर के पुजारी कमलानंद महाराज को सौंपा गया। इसके बाद भूमि की सीमाओं का निर्धारण कर मौके पर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

जानकारी के अनुसार करीब 35 लोगों ने पिछले 25 से 30 वर्षों से इस भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था। प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से सभी अतिक्रमणकारियों को हटाकर जमीन को मुक्त कराया।

कार्रवाई में राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी और धार्मिक संस्थाओं की अवैध कब्जा की गई भूमि को मुक्त कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

|
आज का राशिफल

बुद्घि व धन का दुरूपयोग न करें। व्यापार में स्थिति नरम रहेगी। भ्रातृपक्ष में विरोध की संभावना है। आय-व्यय समान रहेगा। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। व्यर्थ प्रपंच में समय न गंवाकर काम पर ध्यान दीजिए। मेल-मिलाप से काम बनाने की कोशिश सफल होगी। मान-सम्मान में वृद्घि होगी। शुभांक-2-5-7

आज का मौसम

भोपाल

28° / 38°

Sunny

ट्रेंडिंग न्यूज़