हरिद्वार, 08 जून।
कलियर स्थित साबिर पाक दरगाह में रविवार देर शाम सात माह के एक मासूम के रहस्यमय ढंग से लापता होने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों के अनुसार दरगाह परिसर में सो रहा बच्चा अचानक गायब हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोजबीन शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रजिया खातून अपने पुत्र मोहम्मद अली, माता कलसुम खातून और भाई खुशराज के साथ दरगाह में हाजिरी देने आई थीं। परिवार बिहार के सीतामढ़ी जिले के चारौत थाना क्षेत्र स्थित मुसीधा गांव का निवासी बताया गया है। रविवार शाम परिवार दरगाह परिसर में मौजूद था और इसी दौरान सात माह का बच्चा परिजनों के पास लेटा हुआ था।
बताया गया है कि कुछ समय बाद परिजनों की आंख लग गई। इसी बीच किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर बच्चे को वहां से उठा लिया। जब परिजनों की नींद खुली तो बच्चा मौके पर नहीं मिला। इसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने दरगाह क्षेत्र और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान शुरू कर दिया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली गई। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को ले जाते हुए कैमरे में दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी पहचान और गतिविधियों से जुड़े सुराग जुटाने में लगी हुई है।
क्षेत्राधिकारी दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि बच्चे की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया है। सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।














