नई दिल्ली, 13 जून।
दुनियाभर में फेसबुक, इंस्टाग्राम और मैसेंजर की सेवाओं में अचानक आई तकनीकी समस्या के कारण लाखों यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई देशों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन, फीड एक्सेस करने और सामग्री साझा करने में दिक्कतों की शिकायतें सामने आई हैं।
मेटा के स्वामित्व वाले इन प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स ने बताया कि वे अपने अकाउंट में प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं। फेसबुक पर फीड रिफ्रेश नहीं होने, प्रोफाइल और पेज लोड न होने के साथ पोस्ट तथा रील साझा करने में भी बाधाएं देखी गईं।
इसी तरह इंस्टाग्राम उपयोगकर्ताओं ने फीड न खुलने, संदेश भेजने में परेशानी और स्टोरी व रील अपलोड न होने जैसी समस्याओं की जानकारी दी। तकनीकी गड़बड़ी का असर कई देशों में एक साथ देखने को मिला, जिससे बड़ी संख्या में यूजर्स प्रभावित हुए।
भारत के अलावा अमेरिका, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों के लोगों ने इन सेवाओं में रुकावट की शिकायत दर्ज कराई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी बड़ी संख्या में यूजर्स ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के काम नहीं करने की जानकारी साझा की।
कई उपयोगकर्ताओं ने बताया कि वे न तो रील देख पा रहे हैं और न ही अपने अकाउंट तक पहुंच बना पा रहे हैं। कुछ लोगों ने फेसबुक पेज गायब होने और लॉग-इन प्रक्रिया में समस्या आने की भी शिकायत की।
मेटा दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया कंपनियों में शामिल है। फेसबुक के मासिक सक्रिय उपयोगकर्ताओं की संख्या 3.1 अरब से अधिक बताई जाती है। वहीं इंस्टाग्राम का उपयोगकर्ता आधार भी लगभग 3 अरब तक पहुंच चुका है।
कंपनी के मैसेजिंग प्लेटफॉर्म मैसेंजर का उपयोग हर महीने एक अरब से अधिक लोग करते हैं। फेसबुक, इंस्टाग्राम, मैसेंजर और व्हाट्सऐप सहित मेटा के सभी प्लेटफॉर्म्स का संयुक्त मासिक उपयोगकर्ता आधार करीब 4 अरब माना जाता है।










