बहराइच, 12 जून।
भारत-नेपाल सीमा पर बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये की चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार संयुक्त गश्त के दौरान सीमांत पीजी कॉलेज के पास पिलर संख्या 651/11 के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उन्हें रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान दोनों युवकों के पास से चरस की बड़ी खेप बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके बाद दोनों आरोपितों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुस्लिम बाग निवासी सद्दाम और सादिक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ को जब्त कर लिया गया है और आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है।













