नई दिल्ली, 12 जून।
विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच को लेकर अंतरिम वक्तव्य जारी किया है। एजेंसी ने कहा है कि दुर्घटना से जुड़े तकनीकी और परिचालन पहलुओं की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है तथा अंतिम रिपोर्ट सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सार्वजनिक की जाएगी।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, एएआईबी ने स्पष्ट किया है कि अंतिम जांच रिपोर्ट जारी करने से पहले सभी जांच गतिविधियों को पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आवश्यक समीक्षा और विशेषज्ञ परामर्श की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, जिसके बाद विस्तृत निष्कर्ष सामने रखे जाएंगे।
गौरतलब है कि एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 अहमदाबाद से लंदन के लिए रवाना हुई थी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद 12 जून 2025 को दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भीषण हादसे में विमान में सवार यात्रियों और चालक दल के सदस्यों के साथ जमीन पर मौजूद लोगों समेत कुल 260 लोगों की जान चली गई थी।
एजेंसी ने बताया कि बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटना की जांच के दौरान विमान की विभिन्न प्रणालियों, फ्लाइट रिकॉर्डर से प्राप्त आंकड़ों, इंजन के हिस्सों, रखरखाव रिकॉर्ड और परिचालन दस्तावेजों का गहन विश्लेषण किया गया है। इन सभी पहलुओं की जांच में अब तक उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।
हादसे की पहली बरसी पर एएआईबी ने मृतकों के परिजनों और प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। एजेंसी ने कहा कि वह इस त्रासदी से प्रभावित लोगों की पीड़ा को समझती है और पूरी निष्पक्षता तथा पेशेवर मानकों के साथ जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ा रही है।
ब्यूरो ने बताया कि जांच कार्य संशोधित विमान दुर्घटना एवं घटना जांच नियम, 2017 तथा अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (आईसीएओ) के निर्धारित मानकों और अनुशंसित प्रक्रियाओं के अनुरूप किया जा रहा है। इससे पहले 12 जुलाई 2025 को इस दुर्घटना से संबंधित तथ्यात्मक जानकारी पर आधारित प्रारंभिक रिपोर्ट भी जारी की जा चुकी है।










