अपराध
16 Jun, 2026

प्रयागराज में तिहरे हत्याकांड से सनसनी, एक ही परिवार के तीन लोगों को उतारा मौत के घाट

प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या किए जाने के बाद पुलिस ने विशेष टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है।

प्रयागराज, 16 जून।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुकरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की निर्मम हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतकों में श्याम लाल गुप्ता, अमरावती देवी और इंद्रावती देवी शामिल हैं।

मंगलवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने घर के बाहर तीनों के रक्त रंजित शव देखे, तो आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक पड़ताल में पता चला है कि मृतकों के सिर पर भारी वस्तु से वार के निशान हैं, जिससे किसी सुनियोजित हत्याकांड की आशंका जताई जा रही है।

डीसीपी यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी गई है। परिवार के अन्य सदस्य रोजगार के चलते बाहर रहते हैं, जिससे घर पर केवल ये तीनों ही थे।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए कई विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस आसपास के लोगों से गहन पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोषियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि पुलिस इस हत्याकांड के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीमें सक्रिय हैं। प्रशासन ने इस मामले के शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया है।

|
आज का राशिफल

संतान की ओर से हर्ष के प्रसंग बनेंगे। समय को देखकर कार्य करना ज्यादा हितकर रहेगा। परिश्रम अधिक करना पड़ेगा तभी आप लाभ की आशा कर सकते हैं। कार्य क्षेत्र में पदोन्नति के योग बनेंगे। आलस्य का त्याग करें। पुरुषार्थ का सहारा लें। व्यवसायिक अभ्युदय भी होगा और प्रसन्नताएं भी बढ़ेगी। शुभांक-3-6-9

आज का मौसम

भोपाल

26° / 35°

Light rain

ट्रेंडिंग न्यूज़