अयोध्या, 16 जून।
राम मंदिर में चढ़ावे और कीमती वस्तुओं के प्रबंधन में कथित गड़बड़ी के आरोपों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने अपना काम शुरू कर दिया है। लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अगुवाई में इस टीम में आईजी किरण एस और वित्त विभाग के विशेष सचिव नील रतन शामिल हैं।
टीम के सभी सदस्य अयोध्या पहुँच चुके हैं और उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर मंदिर परिसर का दौरा भी किया है। राज्य सरकार द्वारा गठित यह एसआईटी इन गंभीर आरोपों की परतें खोलने में जुट गई है। फिलहाल जांच प्राथमिक दौर में है और अभी तक कोई भी तथ्य सार्वजनिक नहीं किया गया है।
समिति को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर और अंतिम रिपोर्ट 15 दिनों के अंदर सरकार को सौंपने का निर्देश दिया गया है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र भी इस समय अयोध्या में मौजूद हैं।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि जांच में कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से एसआईटी को पूरी मदद मुहैया कराई जाएगी ताकि सच्चाई सामने आ सके।










