ब्रातिस्लावा, 16 जून।
स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान 'द ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस, फर्स्ट क्लास' से अलंकृत किया है। इस प्रतिष्ठित सम्मान को प्राप्त करने पर प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति, वहां की सरकार और स्लोवाकिया की जनता के प्रति अपना आभार व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि भारत के 1.4 अरब नागरिकों का और दोनों देशों के बीच कायम रहने वाली मैत्रीपूर्ण संबंधों की एक गौरवशाली गाथा है। उन्होंने इसे दोनों राष्ट्रों के बीच मौजूद अटूट विश्वास और प्रेम का प्रतीक बताया।
प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई है कि यह सम्मान भविष्य की पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। यह पुरस्कार दोनों देशों के बीच की विशेष मित्रता को और अधिक प्रगाढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आगामी समय में द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।










