मीरजापुर, 16 जून।
जनपद की विंध्याचल पुलिस ने मंगलवार तड़के गौ-तस्करी के एक बड़े नेटवर्क पर करारी चोट की है। गैपुरा क्षेत्र में पुलिस और तस्करों के बीच हुई जोरदार मुठभेड़ में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने दबोच लिया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप में गौवंश को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। टीम ने गैपुरा इलाके से वाहन का पीछा शुरू किया। दादर पहाड़ी के करीब पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो तस्करों ने पुलिस दल पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर रोहित यादव के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें रोहित के अलावा अशोक यादव और राजीव तिवारी शामिल हैं।
तलाशी लेने पर पुलिस ने पिकअप से पांच गौवंश बरामद किए। इसके साथ ही एक अवैध तमंचा और कारतूस भी जब्त किए गए हैं। आरोपितों ने स्वीकार किया कि वे तस्करी कर इन मवेशियों को बिहार ले जाकर बेचते थे।
विंध्याचल थाना प्रभारी ने बताया कि सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। घायल तस्कर का इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले में अन्य संपर्कों की गहनता से पड़ताल कर रही है।










