नेमावर, 16 जून।
देवास जिले की नेमावर पुलिस ने तकनीक का सहारा लेकर चोरी की वारदातों पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्रम' अभियान के तहत दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी किया गया मोबाइल और नकद राशि भी बरामद कर ली है।
थाना नेमावर क्षेत्र में हाल ही में मोबाइल चोरी और सूने घर में नकबजनी की घटनाएं सामने आई थीं। थाना प्रभारी अजय डोड और उनकी टीम ने पारंपरिक जांच के बजाय डिजिटल निगरानी को आधार बनाया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली।
जांच में दो युवक संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दिखाई दिए। पुलिस ने इन संदिग्धों की तस्वीरों को तत्काल सोशल मीडिया और स्थानीय डिजिटल समूहों में साझा किया। मुखबिर से मिली गुप्त सूचना पर नेमावर बायपास पर घेराबंदी की गई और दोनों युवकों को दबोच लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरदा जिले के ललित पारदी और महेंद्र पारदी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि वे नेमावर हाट बाजार से मोबाइल उड़ाने और दीपगांव के एक घर में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं में शामिल थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 15 हजार रुपये कीमत का ओप्पो मोबाइल और चोरी के 3,500 रुपये बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि अपराध के बदलते स्वरूप को देखते हुए अब तकनीक आधारित डिजिटल जांच को प्राथमिकता दी जा रही है।










