मस्कट, 16 जून।
ओमान के तट के पास हुए एक दुखद समुद्री हमले के बाद भारतीय चालक दल के 21 सदस्य सुरक्षित अपने देश लौट आए हैं। ये सभी कर्मी एमटी सेट्बेल्लो जहाज पर तैनात थे।
मस्कट में भारतीय दूतावास ने जानकारी दी कि रवानगी से पहले राजदूत ने इन सभी से मुलाकात की। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में दिखाए गए साहस की सराहना की और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। दूतावास ने विदेशों में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी वचनबद्धता दोहराई।
यह जहाज सोहर तट से लगभग 30 समुद्री मील दूर था, तभी उस पर हमला किया गया। सूचना मिलते ही ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया था।
इस बचाव अभियान में 21 भारतीयों को तो सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन इस दर्दनाक घटना में तीन नाविकों ने अपनी जान गंवा दी।










