भोपाल, 30 जून।
मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता तेज हो गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 50 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ अगले 24 घंटों में 4 इंच तक पानी बरस सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 2 जुलाई से एक नया मौसम तंत्र सक्रिय होगा, जिससे राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का दौर शुरू होने के आसार हैं। चेतावनी के अनुसार, भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के लगभग 50 जिलों में बारिश के साथ 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, ग्वालियर और चंबल संभाग सहित 11 जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है।
सोमवार को इंदौर, गुना, बालाघाट, जबलपुर और राजगढ़ सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। बालाघाट में डेढ़ इंच से अधिक, शिवपुरी में पौन इंच और जबलपुर में आधा इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में अभी भी गर्मी का प्रभाव है। खजुराहो राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहाँ पारा 41.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। इसके अलावा नौगांव में 40.5 और ग्वालियर में 40.3 डिग्री तापमान रहा। दूसरी ओर, खंडवा, सिवनी और बैतूल जैसे शहरों में तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जो राहत देने वाला है।










.jpg)





