औरैया, 01 जुलाई।
जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान बिधूना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। रात के अंधेरे में डहरियापुर मोड़ पर पुलिस और शातिर चोरों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को पैर में गोली लगी है, वहीं उनके चार अन्य साथियों को भी दबोच लिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में मोमिन और विकास उर्फ गौरव नाम के बदमाश घायल हो गए। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

पकड़े गए आरोपियों में मोमिन पर 17 और विकास पर करीब 7 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में चोरी का माल, नकदी, अवैध हथियार और तीन वाहन बरामद किए हैं। यह गिरोह लूट और चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है।
पुलिस अब इन सभी अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है, जिससे जिले में हुई अन्य चोरियों के खुलासे की उम्मीद है। सभी आरोपियों पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




















