गरियाबंद, 01 जुलाई।
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां देवभोग थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुदलीमुड़ा गांव में एक युवक ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय लोकेश कुमार यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से एक स्कूल में सफाई कर्मचारी था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के वक्त युवक शराब के नशे में धुत था।
बताया जा रहा है कि किसी पारिवारिक विवाद के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। हैरानी की बात यह है कि जान देने से पहले लोकेश ने पुलिस हेल्पलाइन डॉयल 112 पर कॉल भी किया था। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।



















