हाथरस, 01 जुलाई।
जनपद के सासनी कस्बे में एक युवक ने अपनी ससुराल के पड़ोसी के घर में घुसकर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान खुर्जा निवासी 35 वर्षीय महेश के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि महेश की पत्नी आशा उसे और बच्चों को छोड़कर पड़ोसी युवक अरविंद के साथ चली गई थी। पत्नी के इस कदम से महेश पिछले काफी समय से मानसिक रूप से बेहद परेशान चल रहा था। इसी हताशा में उसने यह खौफनाक फैसला लिया।
महेश मंगलवार की देर शाम अपनी ससुराल आया था। बुधवार रात करीब एक बजे वह पड़ोसी सूरजपाल के घर पहुंचा, जो उसी युवक अरविंद के पिता हैं जिसके साथ उसकी पत्नी गई थी। घर के अंदर घुसते ही उसने अपनी कनपटी पर तमंचे से गोली मार ली, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पत्नी के पहले भी तीन बार अरविंद के साथ चले जाने से महेश काफी दुखी था। 16 जून को वह आखिरी बार घर छोड़कर गई थी, जिसके बाद से तनाव में चल रहे महेश ने ससुराल पहुंचकर यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




















