नई दिल्ली, 01 जुलाई।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आईपीएस अधिकारी दीपक गहलावत को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। वे वर्तमान में दिल्ली स्थित नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) में प्रतिनियुक्ति पर तैनात थे।
यह मामला 8 जून को दर्ज किया गया था। जांच में पता चला कि अधिकारी ने पुडुचेरी में नकली दवाओं से जुड़े मामलों में राहत दिलाने के नाम पर निजी व्यक्तियों से घूस की मांग की थी। वे अपने रसूख का इस्तेमाल कर सीबीआई जांच को प्रभावित करना चाहते थे।
सीबीआई इससे पहले इस मामले में दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। उस दौरान जांच एजेंसी ने 25 लाख रुपये की ट्रैप राशि और करीब 90 लाख रुपये की नगदी के साथ कई दस्तावेज बरामद किए थे।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने दीपक गहलावत से संबंधित कई स्थानों पर छापेमारी की। इस तलाशी के दौरान एजेंसी को डिजिटल उपकरण, हार्ड डिस्क और कई अहम सबूत हाथ लगे हैं। मामले की छानबीन अभी चल रही है।
हरियाणा कैडर के 2012 बैच के अधिकारी दीपक गहलावत की गिरफ्तारी से प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। एजेंसी अब इस बात की तह तक जाने में जुटी है कि इस भ्रष्टाचार के जाल में और कौन-कौन शामिल है।




















