मीरजापुर, 01 जुलाई।
नौकरी का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक और आरोपी को चील्ह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरोह लोगों को नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उनसे मोटी रकम वसूलता था और फर्जी नियुक्ति पत्र थमा देता था।
मामला इसी साल 17 मार्च का है, जब चेकसारी निवासी एक दंपती ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उन्हें नौकरी दिलाने के नाम पर छह लाख रुपये ऐंठ लिए। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
इस मामले में पुलिस ने पूर्व में ही एक आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया था। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने बुधवार को मुखबिर की सूचना पर दूसरे आरोपी गुलाब चंद को शास्त्री ब्रिज के पास से धर दबोचा।
आरोपी कछवां थाना क्षेत्र के महामलपुर का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे विधिक कार्यवाही पूरी कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में भी जुटी है।




















