जगदलपुर, 01 जुलाई।
छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वन विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। महाराष्ट्र सीमा के पास वन विभाग की टीम ने बाघ की दो खालों के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वन विभाग की सतर्कता और तस्करी के खिलाफ सरकार की सख्त नीति का नतीजा है।
गोपनीय जानकारी के आधार पर भानुप्रतापपुर वनमंडल के बांदे परिक्षेत्र में यह विशेष अभियान चलाया गया। तस्कर मोटरसाइकिल के जरिए इन खालों को कहीं ले जाने की फिराक में थे, तभी घेराबंदी करके उन्हें दबोच लिया गया। पकड़े गए दोनों आरोपी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के रहने वाले हैं।
वन मंत्री केदार कश्यप ने इस बड़ी कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सरकार वन्यजीवों की तस्करी करने वालों पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के वनों और जैव विविधता को किसी भी कीमत पर सुरक्षित रखा जाएगा और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की टीम ने आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया है। अब वन विभाग इस बात की जांच में जुट गया है कि इस संगठित गिरोह का जाल और कितना फैला है। मामले में जुड़े अन्य आरोपियों की भी जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।




















