अयोध्या, 01 जुलाई।
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास महाराज की सेहत को लेकर चिंता की खबर आई है। स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें सोमवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहाँ विशेषज्ञों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
महंत जी के एक शिष्य ने बताया कि हाल ही में जन्मोत्सव कार्यक्रम के दौरान उन्हें इंफेक्शन की समस्या हो गई थी। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का निर्णय लिया था।
वर्तमान में अस्पताल की चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। राहत की बात यह है कि महंत जी के स्वास्थ्य में अब निरंतर सुधार हो रहा है।
हालांकि चिकित्सकों का कहना है कि उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने में अभी कुछ समय लग सकता है। उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए देशभर के श्रद्धालु प्रार्थना कर रहे हैं।




















