नोएडा, 01 जुलाई।
नोएडा के छपरौली गांव में आयोजित एक बारात में उस समय अफरातफरी मच गई जब कुछ मनचले युवकों ने एक युवती के साथ अश्लील हरकत की। युवती के परिजनों द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें बुरी तरह पीटा। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित युवती के पिता ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां डीजे पर नाच रहे हिमांशु और उसके साथियों ने शराब के नशे में उनकी बेटी के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। जब युवती ने शोर मचाया तो परिवार ने उसे किसी तरह बचाया।
हैरानी की बात यह है कि बारात से निकलते समय उन्होंने पाया कि उनकी कार का टायर पहले ही पंचर कर दिया गया था। जैसे ही वे टायर बदलने रुके, हिमांशु और उसके साथियों ने दोबारा हमला कर दिया। मनचलों ने फिर से युवती के साथ बदतमीजी की और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गए।
एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस टीम उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। क्षेत्र में इस घटना के बाद से काफी आक्रोश है।




















