फरीदकोट, 06 जुलाई।
पंजाब के फरीदकोट जिले के पीपली गांव में पंजाब पुलिस के विशेष दस्ते में तैनात एक जवान के बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव एक घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिला। उसके हाथ, पैर और मुंह रस्सियों से बंधे हुए थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के पिता हरनेक सिंह, जो पंजाब पुलिस के विशेष दस्ते में चंडीगढ़ में तैनात हैं, ने बताया कि उनके बड़े बेटे अर्शदीप ने कुछ दिन पहले फोन कर जानकारी दी थी कि हरप्रीत कौर नाम की एक महिला लगातार उस पर संबंध बनाने का दबाव बना रही थी। उनके अनुसार, इस वजह से अर्शदीप काफी परेशान और डरा हुआ था।
बेटे की बात सुनने के बाद हरनेक सिंह छुट्टी लेकर घर पहुंचे थे। उन्होंने रविवार शाम गांव के बुजुर्गों और पूर्व सरपंच के साथ हरप्रीत कौर के परिवार से बातचीत कर मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने की योजना बनाई थी, लेकिन पंचायत की पहल से पहले ही यह घटना हो गई।
हरनेक सिंह ने बताया कि वह कुछ समय के लिए एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में गए थे। लौटने पर अर्शदीप घर पर नहीं मिला। संदेह होने पर वह ग्रामीणों के साथ पीपली गांव पहुंचे। वहां हरप्रीत कौर के पिता के घर के पास उन्होंने तीन लोगों को भागते देखा। उनके कपड़ों पर खून के निशान थे और एक व्यक्ति के हाथ में कुल्हाड़ी थी।
मौके पर मौजूद लोगों ने भागने वालों की पहचान चमकौर सिंह, उसके बेटे सतनाम सिंह और दामाद सिमरजीत सिंह के रूप में की। इसके बाद जब हरनेक सिंह घर के भीतर पहुंचे तो वहां अर्शदीप सिंह का शव खून से लथपथ पड़ा मिला।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने हरप्रीत कौर, उसके पति सिमरजीत सिंह, पिता चमकौर सिंह और भाई सतनाम सिंह के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।


















