अपराध
06 Jul, 2026

सात साल से फरार 25 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार

राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने ऑपरेशन अंत्याफगान के तहत सात वर्षों से फरार 25 हजार रुपये के इनामी मादक पदार्थ तस्कर को गुजरात के पालनपुर से गिरफ्तार किया।

जयपुर, 06 जुलाई।

राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने ऑपरेशन अंत्याफगान के तहत कार्रवाई करते हुए सात वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी मादक पदार्थ तस्कर को गुजरात के पालनपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। इस गिरफ्तारी के साथ अभियान के दौरान अब तक 71 फरार तस्करों को पकड़ा जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान गुजरात के मेहसाणा निवासी 63 वर्षीय इब्राहिम खान पठान के रूप में हुई है। उस पर जालोर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वर्ष 1983 से 2017 तक वह ड्राइवर के रूप में कार्य करता था। इसी दौरान उसकी पहचान तस्करों से हुई और बाद में वह मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ गया। पुलिस के अनुसार, वह बिना नंबर की गाड़ियां उपलब्ध कराने के साथ कारों की दलाली की आड़ में तस्करी नेटवर्क संचालित करता था।

जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2019 में उसने अपने एक साथी को डोडा पोस्त की खेप लाने के लिए बिना नंबर की इनोवा कार उपलब्ध कराई थी। सांचौर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान वाहन जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद से आरोपित फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित ने सात वर्षों तक मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया और गुजरात व महाराष्ट्र के अलग-अलग शहरों में रिश्तेदारों तथा परिचितों के यहां लगातार ठिकाने बदलता रहा। इस दौरान वह कथित तौर पर तस्करी और कार दलाली का काम करता रहा।

सूचना के आधार पर पुलिस ने पालनपुर स्थित उसकी बेटी के फ्लैट पर दो दिन तक सादे कपड़ों में निगरानी रखी। आरोपित के वहां पहुंचने की पुष्टि होने पर स्थानीय पुलिस की सहायता से दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में शामिल टीम को सम्मानित किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़