देवरिया, 06 जुलाई।
देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र में सोमवार को रहस्यमय परिस्थितियों में चली गोली से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, लार थाना क्षेत्र के आदर्श नगर पिण्डी निवासी 30 वर्षीय प्रकाश यादव, पुत्र स्वर्गीय राम बाबू यादव की गर्दन में गोली लगी। गोली लगते ही वह मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल सीएचसी लार पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए महार्षि देवराहा बाबा स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, देवरिया रेफर कर दिया। वहां से भी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पुलिस साक्ष्य जुटा रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल गोलीकांड के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा।



















