बलिया, 06 जुलाई।
बलिया के उभांव थाना क्षेत्र में ससुर पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपित दामाद को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार को पीड़ित की पत्नी ने उभांव थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके दामाद बसंत कुमार गौतम ने उनके पति पर जान से मारने की नीयत से पेट में चाकू से हमला किया। हमले में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर किया गया।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी। सोमवार तड़के मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुन्डैल नया ढाला रेलवे क्रॉसिंग के पास से आरोपित बसंत कुमार गौतम, निवासी फरसाटार को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपित को न्यायालय में पेश कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की पुलिस जांच जारी है।



















