अपराध
06 Jul, 2026

शटर खोलकर आलमारी ले गए चोर, चार लाख के जेवर पार

मीरजापुर के ड्रमंडगंज क्षेत्र में चोर सर्राफा दुकान से आलमारी उठाकर 100 मीटर दूर ले गए और उसका ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर फरार हो गए।

मीरजापुर, 06 जुलाई।

ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र में रविवार देर रात चोरों ने सर्राफा दुकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वारदात का तरीका चौंकाने वाला रहा। बदमाश दुकान के भीतर रखी पूरी आलमारी उठाकर करीब 100 मीटर दूर ले गए। वहां ताला तोड़कर जेवर निकाल लिए और खाली आलमारी सड़क किनारे झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

हलिया कस्बे के रहने वाले सतीश कुमार अग्रहरि की ऊंटी गांव स्थित गड़बड़ा पुल के पास किराए के मकान में आभूषण की दुकान है। रविवार रात चोरों ने दुकान का शटर खोलने के बाद अंदर रखी आलमारी उठाई और उसे नैड़ी अदवा (पवांरी कलां) मार्ग तक ले जाकर तोड़ दिया। इसके बाद उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए और खाली आलमारी झाड़ियों में छोड़ दी।

सोमवार सुबह मझिगवां गांव के निवासी वीरू मौर्य की नजर सड़क किनारे पड़ी टूटी आलमारी और दुकान के खुले शटर पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने दुकानदार को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दुकानदार मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। दुकानदार सतीश कुमार अग्रहरि के अनुसार चोरी हुए सोने-चांदी के जेवर की कीमत करीब चार लाख रुपये है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रधान संघ अध्यक्ष शिव बाबू सेठ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की। पीड़ित दुकानदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़