सीवान, 06 जुलाई।
सीवान पुलिस ने विशेष अभियान के तहत करीब दस वर्ष से फरार चल रहे एक वांछित आरोपित को उत्तर प्रदेश से सटे मेहरौना बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसके अन्य आपराधिक मामलों का भी सत्यापन कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार अपराधियों की गिरफ्तारी का अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला आसूचना इकाई और जामोबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए हरिशचंद्र राम उर्फ संजय राम को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपित हरिशचंद्र राम उर्फ संजय राम, गोपालगंज जिले के जगतौली गांव का निवासी है। वह वर्ष 2014 में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उसे मेहरौना-गुठनी बॉर्डर से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित के खिलाफ जामोबाजार थाना में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज है। इसके अलावा गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना में डकैती तथा विजयपुर थाना में हत्या का मामला भी दर्ज है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



















