टॉप न्यूज़
06 Jul, 2026

दुर्लभ पांडुलिपियों के संरक्षण में देशभर में अव्वल बना मध्य प्रदेश

भोपाल में जारी जानकारी के अनुसार ज्ञान भारतम् ऐप पर सबसे अधिक दुर्लभ पांडुलिपियों का पंजीकरण कर मध्य प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है।

भोपाल, 06 जुलाई।

मध्य प्रदेश ने दुर्लभ प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण और दस्तावेजीकरण के क्षेत्र में देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। भारत सरकार की डिजिटल पहल ज्ञान भारतम् ऐप पर सबसे अधिक दुर्लभ पांडुलिपियों की जानकारी दर्ज कर प्रदेश ने यह उपलब्धि हासिल की है। राज्य सरकार का कहना है कि यह सफलता प्रदेश की ऐतिहासिक और बौद्धिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

जनसंपर्क विभाग के अनुसार, 3 जुलाई 2026 तक ज्ञान भारतम् ऐप पर मध्य प्रदेश से कुल 34 लाख 45 हजार 439 पांडुलिपि पन्नों का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें से 12 लाख 13 हजार 127 पांडुलिपियों का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि शेष का परीक्षण और प्रमाणीकरण चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है।

अपर मुख्य सचिव शिव शेखर शुक्ला ने कहा कि भारतीय पांडुलिपियां देश की समृद्ध ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं। उनका संरक्षण, डिजिटलीकरण और पुनर्प्रसार नई पीढ़ी तक प्राचीन ज्ञान पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रयासों ने इस राष्ट्रीय अभियान को नई दिशा दी है।

प्रदेश में पांडुलिपियों के पंजीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 1 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार भोपाल में सबसे अधिक 24 लाख 26 हजार 172 पांडुलिपियों का पंजीकरण हुआ। इसके बाद इंदौर, रीवा, बैतूल और छिंदवाड़ा प्रमुख जिलों में बड़ी संख्या में पंजीकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों से भी हजारों दुर्लभ पांडुलिपियों का दस्तावेजीकरण किया गया है।

सरकार के अनुसार, ज्ञान भारतम् ऐप का उद्देश्य भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को सुरक्षित रखते हुए दुर्लभ पांडुलिपियों का डिजिटल अभिलेख तैयार करना है। इसके माध्यम से शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए इन ग्रंथों तक पहुंच आसान हुई है। यदि किसी व्यक्ति या संस्था के पास दुर्लभ पांडुलिपि है तो वह ऐप के जरिए उसके संरक्षण या डिजिटलीकरण के लिए अनुरोध भी दर्ज कर सकता है।

अभियान के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से कई दुर्लभ प्राचीन पांडुलिपियां सामने आई हैं। टीकमगढ़ से जम्बूद्वीप का लगभग 10 फीट लंबा दुर्लभ नक्शा मिला है। पन्ना में महाकवि केशव दास की रचना रसिक प्रिया की हस्तलिखित पांडुलिपि का पंजीकरण किया गया है। वहीं बुरहानपुर से 220 वर्ष पुराना हस्तलिखित श्रीमद्भागवत महापुराण तथा दतिया से विक्रम संवत 1828 का एक ताम्रपत्र अभिलेख भी दर्ज किया गया है।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़