सरकार व नीतियाँ
06 Jul, 2026

सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क से भोपाल को मिलेगी नई औद्योगिक पहचान

भोपाल में सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और कन्वेंशन सेंटर के भूमिपूजन के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रोजगार, निवेश, यूसीसी और औद्योगिक विकास से जुड़े कई बड़े ऐलान किए।

भोपाल, 06 जुलाई।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर भोपाल को सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क और कन्वेंशन सेंटर की महत्वपूर्ण सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के नाम पर विकसित होने वाला यह औद्योगिक क्षेत्र प्रदेश की विकास यात्रा में मंदिर के समान होगा और यहां 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

कोलार क्षेत्र में आयोजित भूमिपूजन और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक क्षेत्र किसानों की समृद्धि और युवाओं के रोजगार का माध्यम बनेंगे। उन्होंने कहा कि गारमेंट उद्योग से कपास उत्पादक किसानों को लाभ मिलेगा और सरकार खेत, उद्योग तथा बाजार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की बढ़ती वैश्विक पहचान और गरीब, किसान, युवा तथा महिलाओं के कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 'एक देश-एक विधान-एक निशान-एक प्रधान' के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार इसी माह समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों से सुझाव लेकर समिति ने अपनी प्रक्रिया पूरी की है ताकि किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव न हो। उनका दावा था कि बड़े राज्यों में मध्यप्रदेश यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बनेगा।

उन्होंने बताया कि सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क से राजाभोज विमानतल की दूरी लगभग 25 किलोमीटर और रानी कमलापति स्टेशन की दूरी 15 किलोमीटर है। यहां 25 एकड़ क्षेत्र में 10 हजार लोगों की क्षमता वाला आधुनिक कन्वेंशन सेंटर भी बनाया जाएगा, जो प्रदेश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर होगा। उन्होंने कहा कि सागर ग्रुप सतगढ़ी में 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगा और यह परियोजना भोपाल को औद्योगिक नगरी के रूप में नई पहचान दिलाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार औद्योगिक निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने शिवपुरी में 2500 करोड़ रुपये की रक्षा क्षेत्र की परियोजना, मुरैना में सोलर सेक्टर की पहल और गुना में 2000 करोड़ रुपये के सीमेंट प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि जीआईएस 2025 में प्राप्त 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है।

उन्होंने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के दौरान जनवरी से अब तक 86 हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं, जिससे प्रदेश में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहन योजना के तहत अब तक 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हितग्राहियों को दी जा चुकी है। रोजगार आधारित उद्योगों में कार्य करने वाली बहनों को 5000 रुपये अतिरिक्त देने की भी बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, कनाडा और दक्षिण कोरिया जैसे देशों से मध्यप्रदेश को 10 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि छोटे और मझोले उद्योगों की देनदारियों का भुगतान किया जा चुका है तथा बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर लगातार काम हो रहा है।

उन्होंने कहा कि यूनियन कार्बाइड फैक्टरी परिसर से कचरे का निष्पादन करने के बाद वहां भव्य स्मारक और नया अस्पताल बनाया जाएगा। उनके अनुसार यह गैस त्रासदी के मृतकों और प्रभावितों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से औद्योगिक राज्य के रूप में आगे बढ़ रहा है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर विकसित हो रहा यह औद्योगिक पार्क और कन्वेंशन सेंटर भोपाल की नई पहचान बनेगा।

औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह ने कहा कि निवेश आकर्षित करने के लिए सरकार के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, जापान, अमेरिका, दक्षिण कोरिया, आयरलैंड और जर्मनी की कई वैश्विक कंपनियां मध्यप्रदेश में निवेश कर रही हैं। साथ ही चीन की ल्यूगोंग कंपनी भी पीथमपुर में निवेश शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा कि लगभग 70 हेक्टेयर में विकसित होने वाली सतगढ़ी स्मार्ट इंडस्ट्रियल टाउनशिप में आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, प्लग एंड प्ले सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स हब, कन्वेंशन एवं एग्जीबिशन सेंटर, आवासीय परिसर, स्मार्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, सीसीटीवी निगरानी और पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

कार्यक्रम के अंत में भोपाल की महापौर मालती राय ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़