टॉप न्यूज़
06 Jul, 2026

गुवाहाटी में ब्रिक्स एंटी-ड्रग सम्मेलन शुरू, ड्रग तस्करी पर साझा रणनीति पर जोर

गुवाहाटी में शुरू हुए ब्रिक्स एंटी-ड्रग सम्मेलन में सदस्य देशों ने ड्रग तस्करी, डार्कनेट, क्रिप्टोकरेंसी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को लेकर संयुक्त रणनीति मजबूत करने पर जोर दिया।

गुवाहाटी, 06 जुलाई।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत गुवाहाटी में सोमवार से दो दिवसीय ब्रिक्स एंटी-ड्रग सम्मेलन शुरू हुआ। 6 और 7 जुलाई तक चलने वाली इस बैठक में सदस्य देशों की मादक पदार्थ निरोधक एजेंसियों के प्रमुख और वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में सीमा पार ड्रग तस्करी से निपटने, खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के दौरान ब्राजील के विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधि लुकास बारबोसा ने भारत की मेजबानी की सराहना करते हुए कहा कि ब्रिक्स के एंटी-ड्रग कार्य समूह का सहयोग का लंबा इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते इस खतरे से निपटने के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों और खुफिया तंत्र के बीच समन्वय और मजबूत किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सम्मेलन से सकारात्मक परिणाम निकलने की उम्मीद भी जताई।

रूस के एंटी-ड्रग प्रमुख इवान गोरबुनोव ने आयोजन के लिए भारत का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सदस्य देशों के बीच अनुभव साझा करना इस बैठक का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सभी देशों का लक्ष्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है और इस दिशा में साझा अनुभव उपयोगी साबित होंगे।

नई दिल्ली स्थित इथियोपिया के मामलों के प्रभारी राजनयिक नेबियू टेडला ने कहा कि मादक पदार्थों की समस्या केवल किसी एक देश तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक चुनौती बन चुकी है। उनके अनुसार, ब्रिक्स जैसा मंच सदस्य देशों को जानकारी साझा करने, साझा रणनीति तैयार करने और प्रभावी समाधान तलाशने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि इथियोपिया भी इस क्षेत्र में अपने अनुभव साझा करेगा और अन्य देशों की सफल कार्यप्रणालियों से सीखने का प्रयास करेगा। उन्होंने भारत की अध्यक्षता की भी सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न मुद्दों पर आम सहमति बनाने में भारत की भूमिका प्रभावी रही है।

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के महानिदेशक अनुराग गर्ग ने कहा कि ड्रग्स आज वैश्विक चुनौती बन चुकी है और इससे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी देशों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि गुवाहाटी में पहली बार ब्रिक्स देशों की एंटी-ड्रग एजेंसियों के प्रमुखों की बैठक आयोजित की जा रही है। दो दिवसीय सम्मेलन में डार्कनेट, क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से होने वाले अवैध लेनदेन और समुद्री मार्गों से मादक पदार्थों की तस्करी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।

उन्होंने कहा कि म्यांमार से भारत में आने वाले मेथामफेटामाइन और हेरोइन की तस्करी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। इस समस्या से निपटने के लिए राज्यों में एंटी-ड्रग टास्क फोर्स को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही एनसीबी ने पिछले दो वर्षों में नए जोनल कार्यालय स्थापित किए हैं, जिनमें गुवाहाटी का क्षेत्रीय कार्यालय भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के बाद मादक पदार्थों की बरामदगी में वृद्धि हुई है और अंतरराष्ट्रीय तस्करी से जुड़े कई प्रमुख आरोपितों की पहचान भी की गई है।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़