जकार्ता, 06 जुलाई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की महत्वपूर्ण इंडो-पैसिफिक यात्रा के पहले चरण में इंडोनेशिया पहुंच गए हैं। जकार्ता हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय और इंडोनेशियाई समुदाय ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रधानमंत्री का जोरदार अभिनंदन किया।
यह प्रधानमंत्री का इंडोनेशिया का चौथा दौरा है और 2018 में रणनीतिक साझेदारी के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है। यात्रा के दौरान मोदी राष्ट्रपति के साथ साझेदारी की समीक्षा करेंगे। साथ ही वे योग्याकार्ता में प्रम्बानन मंदिर परिसर का दौरा करेंगे, जहां भारत संरक्षण कार्य में सहयोग करेगा। जकार्ता में प्रधानमंत्री भारतीय प्रवासियों को संबोधित भी करेंगे।
यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री 8 से 10 जुलाई तक ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में रहेंगे। वहां वे ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। दोनों नेता क्रिटिकल मिनरल्स, साइबर सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला और उभरती तकनीकों पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री ऑस्ट्रेलिया में सीईओ फोरम को संबोधित करेंगे और वहां रह रहे भारतीय समुदाय से भी मिलेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में मोदी 10 से 11 जुलाई तक न्यूजीलैंड की यात्रा करेंगे। 40 वर्षों में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली न्यूजीलैंड यात्रा होगी।
न्यूजीलैंड में मोदी अपने समकक्ष क्रिस्टोफर लक्सन के साथ व्यापार, वाणिज्य और रक्षा जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री वहां प्रमुख व्यापारिक और खेल हस्तियों के साथ संवाद करेंगे और प्रवासी भारतीयों को संबोधित करेंगे।



















