जबलपुर, 06 जुलाई।
मध्य प्रदेश के जबलपुर में कथित धर्मांतरण को लेकर तनावपूर्ण स्थिति सामने आई है। रांझी थाना क्षेत्र के मढ़ई इलाके में एक घर में धर्म परिवर्तन कराए जाने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मौके से एक कथित पादरी और लक्ष्मी नामक महिला को हिरासत में लिया है। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान भारी मात्रा में धार्मिक साहित्य भी जब्त किया है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है।
पीड़ित युवती पिंकी बैन ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उसे पारिवारिक और आर्थिक समस्याओं को दूर करने का झांसा देकर ईसाई पंथ अपनाने के लिए प्रेरित किया गया था। युवती का दावा है कि उसे अन्य लोगों को लाने पर आर्थिक कमीशन का प्रलोभन भी दिया गया था। विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों का आरोप है कि अवैध रूप से चर्च चलाकर लोगों को बहला-फुसलाकर मतांतरित किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मध्य प्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब्त दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर ही अगली कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।



















