अपराध
06 Jul, 2026

36 घंटे में रिजवान हत्याकांड का खुलासा, पत्नी गिरफ्तार

किशनगंज पुलिस ने 36 घंटे के भीतर रिजवान हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

किशनगंज, 06 जुलाई।

किशनगंज पुलिस ने रिजवान हत्याकांड का 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने कथित अवैध संबंध के चलते योजनाबद्ध तरीके से हत्या की और घटना को चोरी का रूप देने का प्रयास किया। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, बिशनपुर थाना क्षेत्र में 4 जुलाई की सुबह 42 वर्षीय रिजवान आलम अपने घर के बेडरूम में मृत मिले थे। मृतक के पिता के बयान पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। शुरुआती पूछताछ के दौरान मृतक की पत्नी लगातार चोरी की कहानी बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करती रही।

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को महिला के एक युवक से लगातार संपर्क में रहने की जानकारी मिली। पूछताछ में युवक की पहचान अनवर हुसैन के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

पुलिस का कहना है कि अनवर ने पूछताछ में बताया कि उसका डेजी परवीन से करीब नौ वर्षों से संबंध था। हाल ही में रिजवान को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वह विदेश वापस नहीं जाने का निर्णय ले चुका था। इसी वजह से दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

जांच के अनुसार, घटना वाली रात डेजी ने अनवर को घर बुलाया। कमरे का दरवाजा खुला छोड़ दिया गया और गहरी नींद में सो रहे रिजवान के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों ने मृतक और महिला के मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल की गई रॉड को ठिकाने लगाकर चोरी का नाटक रचा।

अनवर की निशानदेही पर पुलिस ने नदी से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड और बांसबाड़ी में जमीन के नीचे दबाए गए दोनों मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं और जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़