अपराध
06 Jul, 2026

नैनीताल में होटल से गिरा मासूम, इलाज के दौरान मौत

नैनीताल में होटल की तीसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए झाबुआ के तीन वर्षीय बालक की दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

झाबुआ, 06 जुलाई।

मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले के राणापुर निवासी तीन वर्षीय मासूम गौरांश सोनी की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह परिवार के साथ नैनीताल घूमने गया था, जहां होटल की तीसरी मंजिल से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया था।

जानकारी के अनुसार, गौरांश राणापुर के सराफा व्यापारी विशाल सोनी का इकलौता पुत्र था। परिवार के 22 सदस्य एक जुलाई को इंदौर से नैनीताल भ्रमण के लिए गए थे और मल्लीताल क्षेत्र के एक होटल में ठहरे हुए थे। रविवार सुबह गौरांश होटल के कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान कुछ क्षण के लिए परिजनों का ध्यान हटने पर वह तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे गिर गया।

करीब 20 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद होटल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे हल्द्वानी रेफर किया गया। जांच में सिर की हड्डी टूटने और गर्दन में गंभीर चोट की पुष्टि होने के बाद उसे दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल भेजा गया।

दिल्ली में चिकित्सकों ने बच्चे को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान रविवार शाम उसकी मौत हो गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजन रविवार रात एंबुलेंस से शव लेकर राणापुर के लिए रवाना हो गए।

गौरांश सोनी की असामयिक मौत की खबर से राणापुर सहित पूरे झाबुआ जिले में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और व्यापारिक संगठनों ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना जताई है।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़