अपराध
06 Jul, 2026

सात साल के मासूम की हत्या, तालाब से मिला शव

नवादा के काशीचक क्षेत्र में सात वर्षीय बच्चे की आंख फोड़कर हत्या करने के बाद शव तालाब में फेंक दिया गया, जबकि पुलिस एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से मामले की जांच कर रही है।

नवादा, 06 जुलाई।

नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आर्यन राज की आंख फोड़ने के बाद उसका शव तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बौरी गांव निवासी रामबाबू चौधरी के सात वर्षीय पुत्र आर्यन राज के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके का निरीक्षण करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और घटना में शामिल किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता रामबाबू चौधरी की ओर से आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। रविवार देर शाम गांव के पश्चिम स्थित कब्रिस्तान के पास तालाब से परिजनों ने बच्चे का शव बाहर निकाला।

मृतक के दादा कारु चौधरी ने बताया कि रविवार दोपहर करीब तीन बजे से बच्चा लापता था। काफी तलाश के बाद शाम करीब आठ बजे तालाब से उसका शव मिला। इसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र काशीचक बौरी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई गई। टीम ने देर रात अस्पताल पहुंचकर वैज्ञानिक जांच के लिए आवश्यक नमूने एकत्र किए और उन्हें परीक्षण के लिए अपने साथ ले गई।

घटना के खुलासे की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को सड़क पर रखकर वारिसलीगंज-काशीचक मुख्य मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने डॉग स्क्वायड से जांच और उचित मुआवजा देने की मांग की। करीब चार घंटे बाद डॉग स्क्वायड के पहुंचने और पुलिस अधिकारियों के अनुरोध पर जाम समाप्त हुआ।

जांच के दौरान डॉग स्क्वायड घटनास्थल के अलावा मो. कुर्बान के बगीचे और कब्रिस्तान की ओर भी गया। हालांकि भीड़ अधिक होने के कारण आगे की जांच बाद में करने का निर्णय लिया गया।

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक की मां पिंकी देवी और पिता रामबाबू चौधरी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मो. कुर्बान और मिथुन रविदास पर आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

|
आज का राशिफल

सुख-आनंद कारक समय है। कुछ महत्वपूर्ण कार्य बनाने के लिए भाग-दौड़ रहेगी। लाभदायक कार्यों की चेष्टाएं प्रबल होंगी। सभा-गोष्ठियों में मान-सम्मान बढ़ेगा। धार्मिक आस्थाएं फलीभूत होंगी। निर्मूल शंकाओं के कारण मनस्ताप भी पैदा हो सकते है। सक्रियता से अल्प लाभ का हर्ष होगा। शुभांक-4-5-6

आज का मौसम

भोपाल

25° / 32°

Scattered thunderstorms

ट्रेंडिंग न्यूज़